How to Start Organic Farming


जैविक खेती की शुरूआत कैसे करें !

  • एक लेखा-जोखा रजिस्टर में फार्म सम्बन्धित भौगोलिक स्थिति, क्षैत्रफल तथा संसाधनों की सामान्य जानकारी की सूची तैयार करें।
  • पिछले पाँच वर्षों में किए गए कृषि सम्बन्धित कार्यों एवं फसलों की सूची बनायें।
  • मिट्टी एवं पानी के नमूने लेकर सम्बन्धित कृषि संस्थान में परीक्षण करवाकर रिपोर्ट प्राप्त करें।
  • जैविक उत्पादों को निर्यात करना है तो भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाणीकरण संस्थाओं से सम्पर्क करें तथा जैविक प्रमाणीकरण (एकल या समूह प्रमाणीकरण) सम्बन्धित कागजात मंगवाने के लिए आवेदन करें तथा रजिस्ट्रेशन करवायें।
  • फसल तथा अन्य कृषि सम्बन्धित उद्यम के जैविक प्रबंधन की एक योजना तैयार करें जिसमें फसल या कृषि सम्बन्धित उद्यम का नाम, क्षैत्रफल तथा उत्पादन का स्तर तथा भविष्य में फसल पद्धति, पशुपालन एवं इससे सम्बन्धित उद्यमों के समन्वित कार्य विस्तार का विवरण हो।
  • प्रमाणीकरण संस्थाओं की सलाह एवं रिपोर्ट के आधार पर कार्ययोजना तय करें।

अ) जैविक कृषि में रूपान्तरण से पहले की जानकारियाँ

जैविक कृषि की शुरुआत करने से पहले कृषकों को निम्न बिन्दुओं की जानकारी तथा इनके प्रबन्धन का लेखा-जोखा, जैविक कृषि कार्ययोजना डायरी में अंकित कर लेना चाहिए ताकि कार्य स्पष्टता तथा उसका मूल्यांकन कर आप निर्धारित कर सकें कि आप जैविक कृषि की शुरूआत करने के लिए पूर्ण रूप से सक्षम हैं।

ब) सुनिश्चित करें-फसल उत्पादन या अन्य उद्यम के बारे में कार्ययोजना

  • फसल, बागवानी, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, खाद्य प्रसंस्करण इत्यादि में से किस कृषि इकाई या समन्वित इकाईयों को आप जैविक प्रबन्धन में रूपान्तरित करना चाहते हैं ?
  • निर्धारित करें कि आपने इसके बारे में सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर ली है।
  • आपको जैविक कृषि से सम्बन्धित राष्ट्रीय मानकों तथा प्रमाणीकरण संस्थाओं के बारे में ज्ञान है।
  • आपका फार्म या भू भाग जैविक कृषि के लिए उपयुक्त क्षैत्र में आता है।
  • जैविक कृषि की कार्ययोजना आपने तैयार कर ली है।
  •  जैविक कृषि कार्ययोजना के रूपान्तरण समयावधि से सम्बन्धित आदानों, कृषि तकनीकों एवं संसाधन प्रबन्धन की व्यवस्था करने में आप सक्षम हैं।
  • जैविक कृषि उत्पाद के उत्पादन, वितरण, प्रसंस्करण तथा मूल्य संवर्द्धन के किस प्रबन्धन स्तर तक अर्थात् घरेलू बाजार, राष्ट्रीय बाजार या निर्यात बाजार आदि के लिए आप जैविक कृषि योजना का विस्तार करना चाहते हैं ?